Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 19 जून । नगर के विभिन्न मोहल्लों में वर्षों से बनी जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या को लेकर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, सेक्रेटरी सिंह यादव एवं नेम सिंह जाटव के नेतृत्व में समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ के अंतर्गत आने वाले पूर्वी नौरंगाबाद, दमदपुरा, नई कॉलोनी, कृष्णा विहार कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में पूरे वर्ष शहर का गंदा पानी तीन से पांच फीट तक भरा रहता है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में शहर का कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट डाले जाने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है तथा स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। समाजसेवियों ने आरोप लगाया कि जलभराव और गंदगी के कारण हजारों लोगों को बीमारियों और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जब मोहल्लों के अंदर दो फीट तक गंदा पानी महीनों तक जमा रहता है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बना रहता है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को जानबूझकर लंबित रखा गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। रेलवे स्टेशन रोड से जुड़े होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री, रेलवे कर्मचारी और स्थानीय नागरिक गुजरते हैं। जलभराव और गंदगी के कारण उन्हें दुर्गंध और असुविधा का सामना करना पड़ता है, जिससे नगर की छवि भी प्रभावित हो रही है। समाजसेवियों ने उपजिलाधिकारी से मांग की कि समस्या का स्थायी समाधान कर क्षेत्र को जलभराव, गंदगी और प्रदूषण से मुक्ति दिलाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page