
हाथरस 01 जून । आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित गांधी पार्क के निकट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में कार्यरत वरिष्ठ बैंककर्मी पंडित नवल किशोर शर्मा शास्त्री के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बैंक कर्मचारियों ने उन्हें फूलमालाओं से सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी, वहीं उनकी विदाई की सूचना मिलते ही शहर के प्रमुख उद्योगपति, व्यापारी और शुभचिंतक भी बड़ी संख्या में पहुंच गए। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने पंडित नवल किशोर शर्मा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल देखने को मिला और सहकर्मियों ने उनके योगदान को याद किया। अपने संबोधन में पंडित नवल किशोर शर्मा ने बताया कि उनकी पहली नियुक्ति 5 मई 1990 को बैंक ऑफ इंडिया की इटावा शाखा में हुई थी। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़, हाथरस, आगरा तथा खंदौली सहित विभिन्न शाखाओं में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि बैंक में उनका लगभग 37 वर्षों का सेवाकाल एक परिवार की तरह बीता और हाथरस में बिताया गया समय उनके लिए विशेष रूप से यादगार एवं संतोषजनक रहा। उन्होंने अपने सहयोगियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे कार्यकाल में सभी का स्नेह और सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने सफल सेवाकाल का श्रेय भगवान महादेव और वरिष्ठजनों के आशीर्वाद को दिया। सेवानिवृत्ति के बाद बैंक परिसर से बाहर निकलने पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वाहन रैली के रूप में उन्हें सम्मानपूर्वक उनके वसुंधरा पुरम स्थित आवास तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राहुल वरुण ने कहा कि नवल किशोर शर्मा का बैंक के प्रति समर्पण, अनुभव और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके अनुभवों से बैंक परिवार ने बहुत कुछ सीखा है और सभी उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्ति जीवन की कामना करते हैं। कार्यक्रम में सतेंद्र सिंह, यतेश गर्ग, अंकित भदौरिया, पवन कुमार, नरेंद्र सिंह तोमर, रीता सिंह, नाहर सिंह, राजा कुमार, केशव पौचौरी, ओमवीर सिंह सहित बैंक के अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

























