
हाथरस (मुरसान) 30 मई । हाथरस जंक्शन के गांव बलना की रहने वाली एक महिला ने अपनी ससुराल मुरसान के गांव नगला कृपा के रहने वाले पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज उत्पीडन और गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुंजन देवी पुत्री गिर्राज सिंह निवासी गांव बलना थाना हाथरस जंक्शन का कहना है कि उसका विवाह 9 जून 2025 को दिनेश पुत्र सोरन सिंह निवासी नगला कृपा मुरसान के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति दिनेश, ससुर सोरन सिंह, सास लक्ष्मी देवी व अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि वह विवाह के बाद गर्भवती हो गई थी। 30 जनवरी को पति दिनेश और जेठ रमाकांत ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद शाम के समय उसे मुरसान के पटा चौराहे स्थित एक निजी क्लीनिक पर ले जाया गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध जांच के बहाने जबरन गर्भपात करा दिया गया। महिला ने क्लीनिक संचालकों पर भी ससुराल पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घटना के बाद भी उसे लगातार धमकियां दी जाती रहीं। 7 फरवरी को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया।






















