
हाथरस 21 मई । जिले में गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर उपचार देने और मातृ मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से सीएमओ कार्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में निजी अस्पताल संचालकों, स्त्री रोग विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में गंभीर स्थिति वाली गर्भवती महिलाओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की रणनीति पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यदि सरकारी अस्पताल में जरूरी सुविधा या विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं तो ऐसी मरीजों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। इसका मकसद समय पर इलाज देकर जच्चा-बच्चा की जान बचाना है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी। इसके लिए निजी अस्पतालों से समन्वय कर रेफरल व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि मरीज को बिना देरी के सुविधा मिल सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव राय ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने निजी अस्पताल संचालकों से अपील की कि वे इस मानवीय पहल में पूरा सहयोग दें और गंभीर मरीजों को त्वरित व बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं। विभाग निजी अस्पतालों के साथ मिलकर 24 घंटे निगरानी तंत्र विकसित करेगा। इस कदम से जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।























