
हाथरस 21 मई । हाथरस में आज लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा का आयोजन 10 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराया गया। परीक्षा में कुल 3408 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2901 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 507 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। जूते, चप्पल और मोजे उतरवाकर जांच की गई, वहीं पुरुष अभ्यर्थियों के कानों से कुंडल और हाथों से आभूषण भी उतरवाए गए। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कर ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा शहर के अकूर इंटर कॉलेज, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, पीबीएएस इंटर कॉलेज, रामबाग इंटर कॉलेज, सेठ हरचरन दास कन्या इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और सरस्वती इंटर कॉलेज में आयोजित की गई।

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101























