
हाथरस 21 मई । हाथरस में आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने श्री सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज तथा पीबीएएस इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का जायजा लेते हुए परीक्षा कक्षों की निगरानी की। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को पेयजल, प्रकाश और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर शेड, पेयजल और मेडिकल टीम की व्यवस्था भी की गई। जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हुई।























