हाथरस 20 मई । सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी लगभग चार वर्ष पूर्व अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। विवाह में उसके मायके पक्ष ने करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष बाइक की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाता रहा।
महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हैं और इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। इतना ही नहीं, जब वह अपने मायके पक्ष से संपर्क करती है तो उसके साथ गाली-गलौज भी की जाती है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























