
हाथरस 14 मई। आगरा रोड पर एम जी पॉलिटेक्निक कालेज के पीछे स्थित एसआरबी पब्लिक स्कूल में कल 15 मई शुक्रवार को सुबह 8 बजे से सत्र 2025–26 के विद्यार्थियों के सम्मान में “प्रतिभाओं का अभिनंदन समारोह” आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है तथा अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया है। साथ ही, सी बी एस ई बोर्ड परीक्षा 2026 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं (साइंस और कॉमर्स) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सत्र 2025–26 में हाउस एक्टिविटीज़ एवं स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफियाँ प्रदान की जाएँगी। खेल प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स की 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ तथा टीम गेम्स जैसे रस्सा कसी , खो – खो ,कबड्डी , बैडमिंटन, एवं वॉलीबाल शामिल हैं। एसआरबी पब्लिक स्कूल का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन का माध्यम बनते हैं। जब बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान मिलता है, तो उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा बढ़ती है। साथ ही, जब अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाता है, तो वे अपने बच्चों को शिक्षा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय का विश्वास है कि अध्यापक, विद्यार्थी एवं अभिभावक एक अटूट संबंध के सूत्र में बंधे होते हैं। जब विद्यार्थी अपने अध्यापकों से जुड़े रहते हैं और अध्यापक अभिभावकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हैं, तब विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास संभव होता है। सर्वांगीण विकास का अर्थ है कि बच्चा शिक्षा, खेल एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करे। अतः एस आर बी पब्लिक स्कूल आप सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को इस भव्य “अभिनंदन समारोह” में सादर आमंत्रित करता है, आइए बच्चों की उपलब्धियों का सम्मान करें तथा उन्हें भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करें।