
हाथरस 13 मई । सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में ‘द कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल’ के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। विद्यालय की छात्रा देवयानी वशिष्ठ ने 97.69 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि संपूर्ण हाथरस जनपद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के अनुसार, इस वर्ष विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों ही संकायों में छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में देवयानी वशिष्ठ (97.69%) के साथ टीना शर्मा ने 94.66% और वंशिका ने 89% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा को साबित किया। इनके अलावा उर्वशी (88.7%), रितिष्का पचौरी (87.5%), रिषभ शर्मा (87.4%), महक शर्मा (84%), नंदिनी (83.6%) और दिव्यांश (81.6%) ने भी शानदार अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार नगाइच ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का प्रतिफल है। हमारी शिक्षा नीति विद्यार्थियों को शोध और टीमवर्क के लिए प्रेरित करती है, जिससे वे चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनते हैं। स्कूल के डायरेक्टर एवं ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय तथा मैनेजर कल्पना उपाध्याय ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में और अधिक प्रेरणादायक कार्यक्रमों और शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की घोषणा की, ताकि छात्र अपनी पूर्ण क्षमता के साथ आगे बढ़ सकें।


























