Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 12 मई । कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम रजापुर में खेत की मेड़ के सीमांकन के लिए लगाए गए सीमेंट के दो खंभों को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित काश्तकार की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजवीर सिंह पुत्र हीरालाल निवासी ग्राम चमरौली, थाना सिकंदराराऊ ने जिलाधिकारी अतुल वत्स को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका खेत मौजा रजापुर के गाटा संख्या 47 में स्थित है, जो थाना हसायन क्षेत्र में आता है। उक्त भूमि का बंटवारा लगभग दस वर्ष तक चली प्रक्रिया के बाद उपजिलाधिकारी के आदेश से विधिवत रूप से संपन्न हो चुका है। राजवीर सिंह के अनुसार बंटवारे के बाद खेत की मेड़ निर्धारित करने के लिए उन्होंने 20 दिसंबर 2025 को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। उस समय खेत में फसल खड़ी होने के कारण उपजिलाधिकारी के निर्देश पर सीमांकन के लिए सीमेंट के खंभे लगवा दिए गए थे और फसल कटने के बाद मेड़ बनवाने की बात कही गई थी। आरोप है कि महेंद्र सिंह तथा उसके पुत्र लोकेश कुमार और ललित कुमार ने सीमांकन के लिए लगाए गए दो सीमेंट के खंभों को क्षतिग्रस्त कर तोड़ दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। पीड़ित का कहना है कि खेत वर्तमान में खाली है, लेकिन विरोधी पक्ष की बाधा के कारण अब तक मेड़ बनवाने की कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को बंटवारे के अनुसार खेत की मेड़ बनवाने तथा पुलिस बल की मौजूदगी में सीमांकन कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उन्हें अपनी भूमि का शांतिपूर्ण कब्जा मिल सके। पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page