Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 मई । पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में जनपद में नव नियुक्त आरक्षियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर उन्हें पुलिस सेवा के मूल दायित्वों, अनुशासन, कानून-व्यवस्था तथा जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने नव नियुक्त आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और न्याय की भावना स्थापित करना भी उसका प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी विभाग की छवि का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए सभी आरक्षियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करना चाहिए।

सोशल मीडिया पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश

एसपी ने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री साझा करने या विभागीय छवि को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें।

जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर जोर

उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस से न्याय, सुरक्षा और सहायता की अपेक्षा रखते हैं। ऐसे में प्रत्येक आरक्षी का व्यवहार विनम्र, संयमित और जिम्मेदार होना चाहिए। ड्यूटी के दौरान लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कानून-व्यवस्था और वर्दी की गरिमा पर विशेष बल

बैठक में कानून-व्यवस्था ड्यूटी, यातायात प्रबंधन, वीआईपी ड्यूटी, रात्रि गश्त, कम्युनिटी पुलिसिंग तथा त्योहारों एवं आयोजनों में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एसपी ने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, सूझबूझ और कानून का पालन करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिसकर्मी का दायित्व है।

उन्होंने वर्दी को सम्मान, जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रतीक बताते हुए कहा कि उसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है। समयपालन, स्वच्छ वर्दी, शारीरिक फिटनेस तथा नियमित परेड एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को उन्होंने पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण अंग बताया।

टीम भावना और समन्वय से बेहतर परिणाम

पुलिस अधीक्षक ने आरक्षियों को टीम भावना और विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने से पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है। बैठक के अंत में एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सभी नव नियुक्त आरक्षियों को जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और सेवा भावना के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page