Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 मई । नगर पालिका परिषद हाथरस की सीमा विस्तारित क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित ग्राम दयानतपुर में एक बड़ी पोखर के ओवरफ्लो होने से स्थानीय निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार हाथरस-अलीगढ़ रोड की पूर्व दिशा में स्थित रिहायशी क्षेत्र के पास बनी पोखर का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। पोखर में गांव का गंदा एवं दूषित पानी एकत्र होता है, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। साथ ही जहरीले कीड़ों और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक रोगों का खतरा भी उत्पन्न हो गया है। वार्डवासियों का कहना है कि पोखर का पानी अब निकासी मार्ग तक पहुंच चुका है। यदि हल्की बारिश भी हो जाती है तो पानी घरों और गलियों में भर जाता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो जाता है। यह समस्या प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में गंभीर रूप ले लेती है, लेकिन अब तक नगर पालिका द्वारा स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निकासी, सफाई और फॉगिंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं कराई गईं। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम लगातार बढ़ता जा रहा है। वार्ड संख्या 11 दयानतपुर के निवासी श्याम रावत, हरिकिशन रावत, प्रशांत रावत, बॉबी पहलवान, रूप किशोर, संजय, व्यासीराम, रामप्रसाद, उदल, गोपाल कृष्ण, करण सिंह, हुकुम सिंह, कालीचरण सहित अन्य नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पोखर के जलस्तर को नियंत्रित करने, उचित जल निकासी की व्यवस्था करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि बरसात के दौरान संभावित जलभराव और बीमारियों से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page