Hamara Hathras

Latest News

सासनी 11 मई । नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अपनी 14 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। सोमवार को सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर बाबू अमरदीप को एक ज्ञापन सौंपा और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो समस्त कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।अखिल भारतीय राष्ट्रीय सफाई मजदूर कांग्रेस के महासचिव अशोक कुमार ने नगर पंचायत प्रशासन और अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासन और अध्यक्ष द्वारा जनता के बीच यह गलत संदेश फैलाया जा रहा है कि कर्मचारियों का समस्त बकाया भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए कहा कि सच्चाई इसके ठीक उलट है और कर्मचारी आज भी अपने हक के लिए भटक रहे हैं।

कर्मचारी नेताओं ने मीडिया को बताया कि केवल एसीपी (ACP) मद में ही प्रत्येक सफाई कर्मचारी का लगभग एक लाख रुपये तक का बकाया लंबित है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत प्रशासन लगातार वादाखिलाफी कर रहा है और कर्मचारियों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि भ्रामक खबरें फैलाने के बजाय वास्तविक बकाये का तत्काल भुगतान किया जाए। सफाई कर्मियों ने प्रशासन को अपनी मांगों पर विचार करने के लिए केवल 72 घंटे का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद काम बंद कर दिया जाएगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है। इसकी समस्त जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मनोज दिलेर, अशोक चौहान, हरी शंकर, कुलदीप चौहान, बंटी दिलेर, आलोक चौहान, नीरज चौहान, दया चंद्र, पूजा, शारदा देवी, कुमारी गीता, मंजू देवी, दिनेश चौहान, प्रदीप और सूरजमुखी सहित भारी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page