
हाथरस 10 मई । जनपद में पिछले कुछ दिनों से जारी सुहावने मौसम के बाद अब गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आज रविवार को सुबह से ही निकली तीखी धूप ने दोपहर होते-होते जनजीवन को प्रभावित कर दिया। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से लोग उमस और लू जैसी स्थिति से बेहाल नजर आए। पिछले सप्ताह हुई छिटपुट बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में जो गिरावट आई थी, वह अब समाप्त हो गई है। आसमान साफ होते ही धूप की तीव्रता बढ़ गई है। रविवार दोपहर के समय आलम यह था कि सड़कों और बाजारों में आवाजाही काफी कम रही। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे चेहरे और सिर को ढंककर या छाते का सहारा लेकर चलते नजर आए। गर्म हवाओं के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर भीषण गर्मी और धूप के बाद शाम ढलते ही मौसम के मिजाज में कुछ नरमी देखी गई। सूर्यास्त के बाद चली धीमी हवाओं ने दिनभर की तपन से झुलस रहे लोगों को थोड़ी राहत पहुंचाई। शाम के समय पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ मौसम का लुत्फ उठाती दिखी।
आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण सूरज की किरणें सीधे प्रभाव डाल रही हैं। गर्मी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह धूप में न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में निकलते समय सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें। मौसम विभाग के अनुसार, यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होती है, तो लू (Heat Wave) का प्रकोप भी बढ़ सकता है।


























