
हाथरस 10 मई । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र का वार्षिकोत्सव समारोह अलीगढ़ रोड स्थित राधे गार्डन में अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के पीत वस्त्र एवं पुष्पों द्वारा भव्य स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर बालिका लक्ष्मी और कमल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जबकि नैंसी बहन ने मां पर आधारित सुंदर गीत पेश किया। समारोह में विशेष रूप से मंदिर के पुजारियों एवं आचार्यों का अभिनंदन किया गया, जिनमें पंडित गणेश वशिष्ठ, महंत दिनेश शर्मा, पंडित आशीष शर्मा, पंडित सुरेश, पंडित मनोज शर्मा, पंडित श्री श्याम और पंडित गौतम आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में थोड़ा समय निकालकर बच्चों सहित योग और संस्कार शुद्धि के लिए ब्रह्माकुमारी केंद्र पर जरूर जाना चाहिए, क्योंकि ये केंद्र शरीर और मन की शुद्धि के सशक्त माध्यम हैं। वहीं, आरएसएस के विभाग प्रचारक भाई गोविंद ने संस्थान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान आज सकारात्मक विचारों का केंद्र बन गया है और भविष्य में यह सकारात्मक ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा। दिल्ली से आए बीके ओमकार भाई ने तनावमुक्त जीवन के लिए ‘स्वयं और सर्व की संतुष्टि’ के महत्व पर चर्चा की, जबकि बीके श्वेता बहन ने संस्था का परिचय कराया।
इस भव्य वार्षिकोत्सव के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, देवेंद्र मोहता, अवधेश सिंह, अनिल कुमार वार्ष्णेय, कवि चिंतन और ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बीके शांता बहन और समस्त ब्रह्मा वत्सों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया और बीके शांता बहन व बीके हेमलता बहन का अभिनंदन किया गया। निस्वार्थ सेवा संस्थान के नीरज और निष्कर्ष ने महिला आयोग की अध्यक्ष का सम्मान किया, जिसके बाद बीके शांता बहन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल प्रबंधन में बीके मीना, दुर्गेश, विकास, उमा, नीतू, वंदना, देवेश दीक्षित, नंद कुमार, गजेंद्र और राजू भाई का विशेष सहयोग रहा।



























