
हाथरस 09 मई । जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण हेतु शनिवार को आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कोतवाली चंदपा में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित राजस्व और पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कड़े लहजे में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अवैध कब्जों और अतिक्रमण के मामलों में पुलिस-प्रशासन को समन्वय बनाकर कठोर कार्यवाही करने तथा थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन व संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और प्रभावी प्रशासनिक सहायता प्रदान करना है।
जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली परिसर में संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। वहाँ अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से अधिकारियों ने सीधा संवाद किया और उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। इसके पश्चात उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और साइबर सहायता कक्ष का भी बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


























