
अलीगढ़/हाथरस 08 मई । राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (RMPSU) की परीक्षा प्रणाली में एक बड़ी चूक सामने आई है। एमएससी चौथे सेमेस्टर के जियोलॉजी विषय के पेपर में दूसरे विषय के प्रश्न छप जाने के कारण परीक्षा को एन वक्त पर स्थगित करना पड़ा। इस अव्यवस्था से नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्रों पर जमकर हंगामा किया। विवि प्रशासन ने अब इस परीक्षा के लिए नई तिथि घोषित कर दी है। बृहस्पतिवार को तीसरी पाली (दोपहर 3 से 5 बजे) में एमएससी चौथे सेमेस्टर के जियोलॉजी के तीसरे पेपर की परीक्षा निर्धारित थी। पेपर का शीर्षक ‘इंसेक्ट सिस्टमेटिक’ था, लेकिन जब प्रश्न पत्र सामने आया तो उसमें ‘टॉक्सिकोलॉजी’ (विष ज्ञान) विषय के प्रश्न भरे हुए थे। परीक्षा शुरू होने से पहले ही इस गड़बड़ी का पता चलते ही केंद्रों पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परीक्षा स्थगित कर दी गई।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पेपर सेट करने वाले शिक्षक से इस गंभीर लापरवाही पर जवाब मांगा गया है। विवि ने संशोधित कार्यक्रम भी जारी किया है। एमएससी जियोलॉजी (चौथा सेमेस्टर): अब यह स्थगित परीक्षा 18 मई को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। 13 मई को होने वाली बीएएलएलबी (चौथा सेमेस्टर) और एलएलबी (दूसरा सेमेस्टर) की परीक्षा के समय में भी बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा सुबह के बजाय दोपहर 12 बजे से 2 बजे की दूसरी पाली में होगी, क्योंकि पहली पाली में बीएड की परीक्षा प्रस्तावित है। परीक्षा केंद्रों से बिना पेपर दिए वापस लौटे छात्र-छात्राओं ने विवि प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी व्यक्त की है। छात्रों का कहना है कि ऐसी गलतियों से न केवल उनका समय बर्बाद होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ता है।























