
हाथरस 08 मई । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शांति भवन, आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र का वार्षिकोत्सव समारोह आगामी रविवार, 10 मई को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आध्यात्मिक जागरण से विश्व नवनिर्माण विषय का शुभारंभ भी किया जाएगा। आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र प्रभारी बीके शांता बहिन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि यह वार्षिक उत्सव अलीगढ़ रोड स्थित राधे गार्डन पर प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. बबीता सिंह चौहान सहभागिता करेंगी। इसके साथ ही दिल्ली से विशेष रूप से पधार रहे बीके अंकुर भाई अपने आध्यात्मिक विचारों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। समारोह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बीके शांता बहिन ने कहा कि “सबका कल्याण हो और सब सुखी रहें”, यही भारत की सच्ची सनातन परंपरा है। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय इसी ध्येय के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परमपिता परमात्मा शिव स्वयं कल्याणकारी हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही विश्व में सुख और शांति की स्थापना संभव है। संस्था की ओर से क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और प्रभु प्रेमियों को इस आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होने की अपील की गई है।























