
हाथरस 07 मई । कोतवाली सासनी क्षेत्र के बसई काजी निवासी किसान ने पांच अज्ञात बदमाशों पर अपने साथ दिनदहाड़े लूट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ऊतरा चौराहा पर बुधवार को पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने लाठी डंडों व तमंचे की बट से किसान पर हमला किया। इससे किसान के सिर में चोट आई हैं। बदमाशों ने किसान से 40 हजार रूपए लूट लिए। पुलिस ने घायल किसान का जिला अस्पताल में उपचार कराया। राजकुमार निवासी बसई काजी थाना सासनी खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसने बताया कि उसने खेत में टिंडे की फसल लगाई रखी है। वह बुधवार को मंडी से टिंडे बेचकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में अतरा चौराहा पर पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। उसने बताया कि बदमाशों ने लाठी डंडों व तमंचे की बट से उसपर प्रहार किया। इससे उसके सिर में चोटें आई हैं। बदमाशों ने किसान से 40 हजार रूपए लूट लिए। इसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। किसान ने घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस जिला अस्पताल में किसान का उपचार कराया। इस संबंध में थाना सासनी प्रभारी विपिन चौधरी का कहना है कि राजकुमार ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। ई-रिक्शा तेज चलाने को लेकर चार पांच युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी। लूट की बात निराधार है। मामले की जांच की जा रही है।


























