Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06  मई । क्षेत्र के गांव अभयपुरा में देर रात सेवानिवृत्त फौजी और उनके बेटे पर घर में घुसकर हमला किया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित पंजाब सिंह पुत्र रनवीर सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता रनवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। पंजाब सिंह अपने पिता के साथ गांव में रहते हैं। उनका छोटा भाई गुजरात सिंह सेना में कार्यरत है और वह अपनी मां सोनू देवी के साथ मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र स्थित टाउनशिप में रहता है। पंजाब सिंह ने आरोप लगाया है कि छोटा भाई गुजरात सिंह उनसे पुरानी रंजिश रखता है।
पीड़ित के अनुसार, यह घटना 5 मई की रात करीब 11:30 बजे हुई। जब पंजाब सिंह अपने पिता के साथ घर में सो रहे थे, तभी उनका भाई गुजरात सिंह अपने दो साथियों, अमित कुमार निवासी अभयपुरा और मिथुन चौधरी निवासी पिपलौठ, अलीगढ़ के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि तीनों के हाथों में लोहे की रॉड और लाठी-डंडे थे, जबकि अमित कुमार के पास एक तमंचा भी था। आरोपियों ने घर में घुसते ही पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। इस हमले में पंजाब सिंह के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। वहीं, उनके पिता रनवीर सिंह के दोनों पैरों, नाक और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर गांव के कन्हैयालाल और देवेंद्र सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। रनवीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बागला अस्पताल, हाथरस रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है और शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page