सादाबाद 06 मई । श्री गोवर्धन धाम एवं श्री खाटू श्याम मंदिर के पंचम वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को भव्य निशान यात्रा निकाली गई। आगरा गेट क्षेत्र स्थित श्री महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से सूरतगढ़ से आए विशाल निशान के साथ 6100 निशानों की यह यात्रा पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच निकाली गई।
निशान यात्रा से पूर्व सेवा सदन में पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम एवं मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारियों द्वारा सूरतगढ़ से आए पवित्र निशान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सुसज्जित झांकी पर विराजमान बाबा खाटू श्याम की आरती उतारी गई और यात्रा का शुभारंभ हुआ।यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन हाथों में खाटू नरेश के निशान लेकर भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में ‘हारे के सहारे, बाबा खाटू श्याम हमारे’ के जयकारे गूंजते रहे। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और जलपान की भी व्यवस्था की गई। निशान यात्रा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से प्रारंभ होकर कृष्ण टॉकीज, जवाहर बाजार, चौक बाजार, रोडवेज बस स्टैंड, सादाबाद इंटर कॉलेज सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई बिजलीघर मार्ग स्थित गोवर्धन धाम श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक बाबा को निशान अर्पित किए और पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
























