
हाथरस 06 मई । हाथरस के जंक्शन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हाथरस-बरेली हाईवे पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से सरसों का तेल भरकर बरेली की ओर जा रहा एक टैंकर गांव सलेमपुर के निकट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि टैंकर चलाते समय चालक के सीने में अचानक तेज दर्द उठा, जिससे वह वाहन पर संतुलन खो बैठा। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा हजारों लीटर सरसों का तेल सड़क और पास के खेतों में बहने लगा।
हादसे के बाद वहां अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। जैसे ही ग्रामीणों को तेल फैलने की सूचना मिली, आस-पास के गांवों के लोग बाल्टी, डिब्बे और जो भी बर्तन हाथ लगा, उसे लेकर मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बहते तेल को भरने के लिए लोगों में होड़ मच गई। इस बीच हाईवे पर यातायात भी पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही जंक्शन कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने तत्काल घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और क्रेन मंगाकर टैंकर को सीधा कराया। काफी मशक्कत के बाद सड़क से तेल हटवाकर यातायात को सुचारु किया जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























