सिकंदराराऊ 06 मई । कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नगला गुलाबी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर उसके ही सालों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूध डालकर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरा
जानकारी के अनुसार, गांव गुलाबपुर निवासी रामनिवास पुत्र श्रीराम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र वीरेश 3 मई की रात करीब 10 बजे सिकंदराराऊ से डेयरी पर दूध डालकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे वीरेश के साले राहुल, हिमांशु और संतोष (पुत्रगण कुंवरपाल) ने अपने दो अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया।
विरोध करने पर किया लहुलुहान
आरोप है कि रंजिश के चलते उक्त लोगों ने वीरेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब वीरेश ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया। इस हमले में वीरेश बुरी तरह लहुलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






















