
अलीगढ़ 06 मई । मंगलायतन विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-3 द्वारा उपभोक्ता जागरूकता विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं आम नागरिकों को उनके उपभोक्ता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। मुख्य वक्ता प्रो. सिद्धार्थ जैन ने उपभोक्ता अधिकार, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, तथा जागरूक उपभोक्ता बनने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जागरूकता ही उपभोक्ता को सशक्त बनाती है और सही जानकारी होने पर व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई तथा कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मुख्य वक्ता द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से किया गया। कार्यक्रम अधिकारी ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के महत्व पर बल देते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।























