
मथुरा 06 मई । केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के दंत एवं मुख चिकित्सा विभाग में बुधवार को चार दिवसीय मुख कैंसर के निःशुल्क जांच शिविर का शुभारम्भ किया गया। शिविर के पहले दिन कंसल्टेंट हेड एंड नेक ऑन्को सर्जन डॉ. दिव्यांशु अग्रवाल द्वारा 50 से अधिक मरीजों की आधुनिक मशीनों से जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। शिविर में मरीजों के मुंह की स्क्रीनिंग तथा दूरबीन द्वारा गले की एण्डोस्कोपी की गई। ऑन्को सर्जन डॉ. दिव्यांशु अग्रवाल ने बताया कि जन जागरूकता के अभाव तथा तम्बाकू, शराब आदि के सेवन से मुख कैंसर के मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। ब्रज क्षेत्र में भी मुख कैंसर के मरीजों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। इसी समस्या के निदान के लिए केडी हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा मुख कैंसर के निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि केडी हॉस्पिटल में आधुनिक मशीनें तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम होने के चलते यहां मुंह के कैंसर का भरोसेमंद इलाज सम्भव है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मुख कैंसर अक्सर शुरुआती चरणों में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के विकसित होता है, इसलिए नियमित जांच कराना आवश्यक है ताकि उन असामान्यताओं का पता लगाया जा सके जो कैंसर या पूर्व-कैंसर घावों का संकेत दे सकती हैं। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि शिविर के पहले दिन 50 से अधिक मरीजों की जांच की गई। यह शिविर 9 मई तक चलेगा। जिन लोगों को मुंह में किसी भी तरह की समस्या है, वह इस निःशुल्क जांच शिविर का लाभ उठा सकते हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मुंह में किसी भी तरह का घाव घातक हो सकता है लिहाजा समय से इसकी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुंह के घाव का जल्दी पता चलने से इलाज शुरू करने में जहां सहूलियत होती है वहीं रिकवरी की सम्भावना भी बढ़ जाती है। मुंह के कैंसर का जल्दी पता लगने से उपचार के अधिक विकल्प उपलब्ध होते हैं, जिनमें कम आक्रामक प्रक्रियाएं और मुंह के कार्य और स्वरूप को संरक्षित करने की अधिक सम्भावना शामिल है।
डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह ने बताया कि संस्थान के चेयरमैन श्री मनोज अग्रवाल प्रत्येक ब्रजवासी के स्वस्थ-सुखद जीवन के लिए निरंतर निःशुल्क शिविरों का आयोजन करते रहते हैं। चार दिवसीय इस निःशुल्क शिविर का उद्देश्य मुख कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाना, स्क्रीनिंग के माध्यम से शीघ्र निदान को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को सुलभ सेवाएं प्रदान करना है। डॉ. आर.के. अशोका ने मुंह के घावों से परेशान लोगों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।


























