
लखनऊ 05 मई । उत्तर प्रदेश में सोमवार को आए भीषण तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक प्रदेश भर में 18 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 24 पशुओं की भी मौत हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि राहत की उम्मीद अभी कम है; अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और वज्रपात की प्रबल संभावना है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम योगी ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) को कार्यालय छोड़ने और खुद फील्ड में जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शासन से समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी संसाधन तुरंत उपलब्ध कराने को कहा है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए भी स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलें। विशेष रूप से पेड़ों, पुराने मकानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है ताकि जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

























