Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जून को हाथरस दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह जनपद को 533 करोड़ रुपये की लागत वाली 133 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:35 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह 10:45 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां जनपद की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। लगभग एक घंटे के प्रवास के बाद मुख्यमंत्री 11:55 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 271 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 47 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 260 करोड़ रुपये की लागत वाली 78 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कुल मिलाकर 125 परियोजनाओं पर 486.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे जनपद के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक एवं राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा संगठन एवं प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, जनसभा प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो मुख्यमंत्री का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा के माध्यम से मुख्यमंत्री विकास कार्यों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे। साथ ही भाजपा के स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों से संगठन और जनभावनाओं को लेकर फीडबैक भी ले सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है और लोग विकास परियोजनाओं की सौगात का इंतजार कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page