विजिलेंस ने छापेमारी कर बिजली चोरी पकड़ी, सादाबाद के कई इलाकों में मचा हड़कंप, कई जगह मिली अनियमितता
सादाबाद 29 अप्रैल । नगर क्षेत्र में विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी रोकने के लिए विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। अचानक कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपने कनेक्शनों से अवैध कटिया हटाते देखे गए। विजिलेंस टीम ने पुलिस बल के साथ कृष्णा नगर, प्रकाश नगर, मुरसान रोड और हाथरस रोड क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया। टीम के पहुंचते ही कई उपभोक्ताओं ने अपने घरों से बिजली की अवैध लाइनें हटानी शुरू कर दीं। इसके बावजूद, विभाग ने कई स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े।।छापेमारी के दौरान टीम ने संदिग्ध कनेक्शनों और मीटरों की स्थिति का निरीक्षण किया। जिन घरों में अनियमितताएं मिलीं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में बिजली चोरी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, बिजली चोरी से विभाग को भारी आर्थिक नुकसान होता है और इसका अतिरिक्त भार आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई बिजली चोरों के खिलाफ विभाग के सख्त रुख का संकेत है।






















