
हाथरस 28 अप्रैल । क्षेत्र के गाँव पहाड़पुर में स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त जगदीश प्रसाद शर्मा की धारदार हथियार से घर में घुसकर की गई निर्मम हत्या की घटना से क्षेत्र में शोक और रोष व्याप्त है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं प्रदेश कमेटी सदस्य राम नारायण काके मृतक के आवास पर पहुँचे और उनके अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। सपा नेता ने इस जघन्य हत्याकांड पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से माँग की है कि इस हत्याकांड का शीघ्र खुलासा किया जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि घर के भीतर घुसकर इस तरह की वारदात को अंजाम देना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। शोक व्यक्त करने वालों में हाथरस व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष हरिओम गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सेंगर, पूर्व शहर अध्यक्ष हेमंत गॉड, भूपेंद्र उपाध्याय, राकेश शर्मा, उमेश शर्मा, धौरपुर प्रधान रामबाबू दिवाकर, पिंटू दिवाकर और पिछड़ा वर्ग विधानसभा अध्यक्ष शंकर लाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।























