चकबंदी की समस्याओं पर जिलाधिकारी सख्त, कहा- दफ्तर से नहीं मौके पर जाकर करें भूमि विवादों का निस्तारण

हाथरस/हसायन 27 अप्रैल । शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स DM ATUL VATS की अध्यक्षता में विकास खण्ड हसायन की ग्राम पंचायत इन्द्रनगर सिकतरा के सचिवालय में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिसमें अधिकांश मामले चकबंदी प्रक्रिया से संबंधित रहे।
मौके पर ही जांचीं शिकायतें:
ग्रामीणों द्वारा चकबंदी में अनियमितता और पैमाइश की शिकायत करने पर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही उपलब्ध नक्शों के माध्यम से गाटा संख्या का मिलान किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठकर स्वयं नक्शों की समीक्षा की और स्थिति को समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी किसी भी मामले का निस्तारण केवल फाइलों के आधार पर न किया जाए, बल्कि स्थलीय निरीक्षण को प्राथमिकता दी जाए।
ग्रामीणों को शीघ्र राहत के निर्देश:
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट रूप से कहा कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान होने वाले चक परिवर्तन, कब्जा परिवर्तन और रकबा (क्षेत्रफल) में कमी जैसी समस्याओं का समाधान मौके पर जाकर ही किया जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। कार्यक्रम में एसओसी चकबंदी ने ग्रामीणों को चकबंदी प्रक्रिया के नियमों और विभिन्न पहलुओं की तकनीकी जानकारी भी प्रदान की। इस ग्राम चौपाल के दौरान मुख्य रूप से परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सिकन्दराराऊ, एसओसी चकबंदी, खण्ड विकास अधिकारी (BDO), सहायक खण्ड विकास अधिकारी, लेखपाल और ग्राम प्रधान सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




















