
अलीगढ़ 27 अप्रैल । शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करने और भविष्य के नवोन्मेषकों को तैयार करने की दिशा में मंगलायतन विश्वविद्यालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह अडानी सीमेंट (अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड और एसीसी) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी को अडानी सीमेंट फ्यूचर-एक्स पहल का नाम दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से समझौता पर कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह व अडानी समूह की आेर से सीईओ विनोद भाटी ने हस्ताक्षर किए।
अडानी सीमेंट इस पहल के तहत विश्वविद्यालय के छात्रों को तकनीकी सहायता, संसाधन और मेंटरशिप प्रदान करेगा। कुलसचिव ने बताया कि इस समझौते के तहत मंगलायतन विश्वविद्यालय के छात्रों को विशेष सुविधाएं प्राप्त होंगी। जिसमें छात्रों को अडानी सीमेंट में इंटर्नशिप और व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। इस पहल का लक्ष्य छात्रों को भारत की अगली पीढ़ी के नवोन्मेषकों के रूप में विकसित करना है। डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी न केवल छात्रों के शैक्षणिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और टिकाऊ नवाचार की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ प्रो. किशनपाल सिंह, रीजनल टेक्निकल हेड मनीष कुमार, सीनियर टेक्निकल एक्सपर्ट अवनीश कुमार आदि उपस्थित रहे।

























