
हाथरस 26 अप्रैल । सासनी के गांव दरकौली में खेत में नीलगाय भगाने को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों पर भाला और गंडासे से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने थाना सासनी में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दरकौली निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अप्रैल को उनके भतीजे गोलू और नरेश अपने खेतों पर गए थे। आरोप है कि उसी दौरान खानपुर थाना हाथरस जंक्शन निवासी राजकुमार और सौरभ अपने खेतों से नीलगायों को प्रमोद के खेतों की तरफ ला रहे थे। जब गोलू ने नीलगायों को खेत में लाने से मना किया तो दोनों आरोपित भड़क गए। आरोप है कि राजकुमार ने गोलू के पैर में भाला मार दिया। जबकि सौरभ ने नरेश की गर्दन पर गंडासे से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है।






















