
हाथरस 26 अप्रैल । जनपद में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी लोगों को झुलसाने लगी हैं। रविवार को हाथरस का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय तेज धूप और लू (गर्म हवाओं) के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि पर्याप्त नींद न मिलने और गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों में थकान, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ सकती है। भीषण गर्मी के चलते बाजार में ठंडे पेयजल, शरबत, जूस और आइसक्रीम की मांग में भारी इजाफा हुआ है। जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा प्याऊ लगाकर राहगीरों को राहत पहुँचाई जा रही है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।






















