
हाथरस 26 अप्रैल । मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजीव राय ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हसायन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) नगला वीर सहाय में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्टाफ की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीकाकरण और प्रसव पश्चात देखभाल पर जोर
CHC हसायन के निरीक्षण के दौरान सीएमओ को स्टाफ नर्स ममता कुमारी लेबर रूम में प्रसव कराती मिलीं। डॉ. राय ने टीकाकरण रजिस्टर की जांच की और संतोष जताया कि नवजात बच्चों के टीके प्रतिदिन अपडेट किए जा रहे हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि प्रसव के बाद किसी भी महिला को 48 घंटे से पहले अस्पताल से डिस्चार्ज न किया जाए, ताकि जच्चा-बच्चा की उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके।
नगला वीर सहाय में दवाओं की उपलब्धता के निर्देश
इसके पश्चात सीएमओ नगला वीर सहाय PHC पहुंचे, जहां साफ-सफाई और गर्मी से बचाव के लिए कूलर-पंखों की व्यवस्था संतोषजनक मिली। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के अवकाश पर होने की स्थिति में फार्मासिस्ट अमरीश कुमार सेंगर को निर्देशित किया गया कि अस्पताल में ई0डी0एल0 (Essential Drug List) के अनुसार दवाओं की कमी को तत्काल पूरा किया जाए। वर्तमान में वहां 195 के सापेक्ष 125 दवाइयां उपलब्ध पाई गईं।
आरोग्य मेले में मरीजों की जांच
निरीक्षण के समय तक जन आरोग्य मेले में 24 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। मेले में ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया और डेंगू की जांचें की जा रही थीं। मौके पर उपस्थित एएनएम कुसुमलता ने बताया कि तीन गर्भवती महिलाओं की एएनसी (ANC) जांच भी पूर्ण की गई है। निरीक्षण के दौरान वार्ड बॉय मदन कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।





















