
हाथरस 26 अप्रैल । रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस में आज ‘दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें कठोर प्रशिक्षण के बाद 390 प्रशिक्षु आरक्षी उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बने। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (तकनीकी सेवाएं) लखनऊ आशीष तिवारी ने परेड की सलामी ली और सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षुओं के अनुशासन व तालमेल की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हाथरस, चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे सुनकर नव-आरक्षियों ने आधुनिक और संवेदनशील पुलिसिंग का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया, जिसमें पवनीश कुमार को ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ (Best Cadet) चुना गया। इसके साथ ही दीपांशु को आंतरिक और जौनी चौहान को बाह्य विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता में न्याय और सुरक्षा का विश्वास सुदृढ़ करना भी है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरक्षियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और जनता के साथ विनम्र आचरण करने की प्रेरणा दी।



समारोह का समापन राष्ट्रगान और भव्य मार्च पास्ट के साथ हुआ, जिसके बाद सभी 390 आरक्षियों ने देश की एकता और संविधान की रक्षा की शपथ ली। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने आरक्षियों के परिजनों ने उत्तर प्रदेश सरकार की पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के उनके बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जिससे आज वे पुलिस विभाग का गौरव बन सके हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन क्षेत्राधिकारी लाइन हिमांशु माथुर और प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।






















