Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 24 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के गाँव भैंकुरी से एक बरात में शामिल होने अलीगढ़ गए 40 वर्षीय ग्रामीण का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक दो दिनों से लापता था, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जाहिर की है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे अत्यधिक शराब के सेवन से हुई मौत मान रही है। जानकारी के अनुसार, जरैरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गाँव भैंकुरी निवासी मंजीत पुत्र पोखपाल की बरात मंगलवार, 21 अप्रैल को अलीगढ़ के थाना अकराबाद अंतर्गत नगला रिसालदार गई थी। गाँव का ही मानपाल सिंह (40) पुत्र चंदन सिंह भी इस बरात में शामिल होने गया था। बुधवार को जब सभी बराती वापस लौट आए और मानपाल घर नहीं पहुँचा, तो परिजनों को चिंता हुई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका सुराग नहीं लगा, तो बुधवार को थाना अकराबाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने अकराबाद के नानऊ-छर्रा मार्ग पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुँची क्षेत्रीय पुलिस ने जब शिनाख्त कराई, तो मृतक की पहचान भैंकुरी निवासी मानपाल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, चर्चा यह भी है कि मृतक शराब का आदी था और बरात में अत्यधिक सेवन के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी होगी। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अधिक शराब पीने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने फिलहाल हत्या जैसी किसी घटना से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page