
हाथरस 22 अप्रैल । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के साकेत कालोनी निवासी एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति ने बेटे के साथ हुई 5.50 लाख की ठगी के मुकदमे को वापस लेने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपित ने खुद को ‘बड़े ड्रग माफिया ग्रुप’ से जुड़ा बताकर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी और गंदी-गंदी गालियां दीं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर नामजद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
अतुल शर्मा पुत्र स्व. शशी कुमार शर्मा निवासी साकेत कालोनी, थाना हाथरस गेट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे विक्रांत के साथ रिया व उसके स्वजन निवासी एसडीएम कोर्ट के पीछे भरत डेरी वाली गली, थाना विलासपुर, जिला रामपुर द्वारा प्रेमजाल में फंसाकर षड्यंत्र के तहत करीब 5.50 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में सीजेएम कोर्ट में मामला दर्ज है।
आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से विपक्षी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। फोन पर दी गालियां और धमकी अतुल शर्मा ने बताया कि दो जनवरी 2026 को शाम काल आईं, जो रिसीव नहीं हो सकीं। जब उन्होंने उस नंबर पर काल बैक किया तो रिया का बहनोई निखिल शर्मा निवासी कोटा जंक्शन, थाना भीमगंज मंडी, जिला कोटा राजस्थान फोन पर आ गया। आरोप है कि निखिल ने मां-बहन और पत्नी के लिए गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के अनुसार आरोपित ने कहा कि “तू कितनी भी एफआईआर कराले, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा”। पीड़ित का दावा है कि उसके पास काल की रिकार्डिंग मौजूद है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपी पूर्व में बेटे विक्रांत को भी फोन पर धमकी दे चुका है कि वह बहुत बड़े ड्रग माफिया ग्रुप से जुड़ा है। मुकदमा वापस न लेने पर पूरे परिवार को जान से मार देगा। शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है।























