
हाथरस 22 अप्रैल । नोएडा में जारी श्रमिक आंदोलन के विरुद्ध शासन-प्रशासन के दमनकारी रवैये और मजदूरों की मांगों की अनदेखी के विरोध में आज समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर हो रही दमनात्मक कार्रवाई तुरंत रोकी जाए और गिरफ्तार मजदूरों को बिना शर्त रिहा किया जाए। उन्होंने सरकार पर पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने और मजदूरों को अधिकारहीन बनाने का आरोप लगाया। वहीं, मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष नीतेश कुमार यादव ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो यह आंदोलन हाथरस से लेकर पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। इस अवसर पर बनी सिंह बघेल, धीरज पाण्डेय, अजय सिकरवार, अनुज उपाध्याय, शैलेन्द्र सिंह सेंगर, साकेत राहुल और नीतेश यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























