सिकंदराराऊ (हसायन) 18 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र की जरैरा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले एक गाँव में रिश्तों और लोकलाज को ताक पर रखकर घर में घुसकर नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। घटना उस समय हुई जब किशोरी घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य खेतों पर काम करने गए थे। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने जरैरा पुलिस चौकी में नामजद तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 17 अप्रैल को पीड़ित किसान और उसके परिवार के अन्य सदस्य अपने खेतों पर गेहूं की कटाई करने गए थे। घर पर उनकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गाँव का ही एक नामजद व्यक्ति बुरी नीयत के साथ उनके घर में घुस आया और किशोरी के साथ छेड़खानी करने का प्रयास करने लगा। किशोरी ने जब हिम्मत दिखाते हुए उसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी पकड़े जाने के डर से मौके से भाग निकला। खेतों से लौटने पर जब किशोरी ने आपबीती सुनाई, तो परिजनों के होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिता ने पुलिस को लिखित सूचना दी है। इस संबंध में जरैरा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक मोनवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और तथ्यों के आधार पर जल्द ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


























