
हाथरस 18 अप्रैल । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी शनिवार को हाथरस दीवानी न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विनय कुमार-III ने बताया कि इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित मुकदमों का त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने जिला स्तर पर सभी विभागों को इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और वादकारियों से अपील की है कि वे अपने पुराने विवादों को समाप्त करने के लिए इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चौधरी के अनुसार, इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक मामले, चेक बाउंस (धारा-138), वसूली वाद, सिविल मामले, भूमि अधिग्रहण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक विवाद और राजस्व संबंधी वादों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बिजली अधिनियम, श्रम मामले, नगर पालिका टैक्स वसूली, सेवा-वेतन संबंधी प्रकरण और किरायेदारी विवादों को भी आपसी समझौते से सुलझाया जाएगा। सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि लोक अदालत में पुलिस एवं मोटर यान अधिनियम के चालान, आबकारी मामले, राशन कार्ड, जाति एवं आय प्रमाण पत्र और जलकर-गृहकर जैसे महत्वपूर्ण प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का भी मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा, जिससे आम जनता को अदालती चक्करों से राहत मिल सकेगी।


























