Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 17 अप्रैल । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक भव्य जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रबुद्ध वर्ग की भारी सहभागिता रही, जिसमें डॉक्टर, सीए, अधिवक्ता, अध्यापक, व्यापारी और संत-पुजारी सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य वक्ता प्रांत संपर्क प्रमुख प्रमोद चौहान, कार्यक्रम अध्यक्ष नरेश प्रताप सिंह और नगर संघचालक प्रवीण वार्ष्णेय द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन कर किया गया। मुख्य वक्ता प्रमोद चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि संघ स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण में सक्रिय है। उन्होंने जोर दिया कि शताब्दी वर्ष समाज के हर वर्ग को जोड़कर राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव सुदृढ़ करने का स्वर्णिम अवसर है, जिसका मूल उद्देश्य संगठन और सेवा के जरिए एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश प्रताप सिंह ने समाज के समग्र विकास के लिए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और देश की रक्षा की दिशा में सकारात्मक कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुशासन में रहने, अपने कर्तव्यों का पालन करने, स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर सह जिला कार्यवाह प्रदीप गर्ग, नगर कार्यवाह अंकुश माहेश्वरी, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, अनिल कुमार चौहान, डॉ. श्रीकांत त्रिवेदी, नीरज वैश्य, शिवकुमार गांधी, राजीव पुंडीर और मुकेश चौहान सहित भारी संख्या में स्वयंसेवक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page