
हाथरस (मुरसान) 17 अप्रैल । क्षेत्र के गांव दऊदा निवासी किसान हरवीर सिंह की बेटी अर्पिता चौधरी ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में आठवीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। अर्पिता ने पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई आरबीएस स्कूल मुरसान से की थी। इसके बाद, उन्होंने छठी से बारहवीं कक्षा तक की शिक्षा गाजियाबाद में पूरी की।एनडीए की तैयारी के लिए अर्पिता ने देहरादून डिफेंस एकेडमी में प्रशिक्षण लिया था। शुक्रवार को अर्पिता चौधरी अपने गांव पहुंचीं। इससे पहले कस्बा मुरसान में जगह-जगह उनका स्वागत और सम्मान किया गया। रालोद नेता प्रवीण पौनियां ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रोहित सिंह बंका और भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के जिलाध्यक्ष शेलू चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थे। मुरसान ब्लॉक रोड पर अर्पिता के चाचा हरकेश फौजी ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें गांव लेकर गए। गांव में महिलाओं और रिश्तेदारों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और बधाई दी। कस्बा मुरसान में स्टेशन रोड पर ग्राम प्रधान पूरन सिंह और मुरसान चेयरमैन देशराज सिंह ने अर्पिता को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। राष्ट्रीय लोकदल किसान प्रकोष्ठ के ब्रज क्षेत्र सचिव मनोज चौधरी ने उन्हें राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट की। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, राजन सिंह, देवेंद्र सिंह, चेतन सिंह, शैलेंद्र अंतेश, कृपाल सिंह, लोकेंद्र सिंह, अर्पिता चौधरी के परिवारजन भी उपस्थित थे।


























