
हाथरस 16 अप्रैल । अपनी बुआ के घर से अलीगढ़ लौट रहे बाइक सवार युवक को अलीगढ़ रोड पर रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने खून में लथपथ युवक को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिवार के लोगों की पोस्टमार्टम हाउस पर भीड़ लग गई। मृतक चार बहनों के बीच इकलौता भाई था।
जनपद अलीगढ़ के बरला निवासी 22 वर्षीय रितेश पुत्र लक्ष्मी नारायण बुधवार की शाम को शहर की आवास विकास कॉलोनी स्थित अपनी बुआ के घर हुआ था। रितेश चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। आज सुबह रितेश बाइक पर सवार हो बुआ के घर से अलीगढ़ अपने घर लौट रहा था। इसी बीच कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित तमन्ना गाड़ी के निकट रोडवेज बस ने उसे बुरी तरह से रौंद दिया, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लहूलुहान हालत में घायल युवक को स्थानीय लोगों ने आनन फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा। यहां पर डॉक्टर ने उसे देखा और मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इधर युवक की मौत की सूचना मिलते ही मृतक की बुआ के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार के लोगों की भीड़ लग गई।


























