
हाथरस 14 अप्रैल । आज कलेक्ट्रेट सभागार में भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर की 135वीं जयंती गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स, अपर जिलाधिकारी डॉ. बसंत अग्रवाल और प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर सहित अन्य अधिकारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि संविधान तभी प्रभावी सिद्ध होगा जब संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन लंबा होने के बजाय महान होना चाहिए। जिलाधिकारी ने बाबा साहेब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचारों को केवल याद न रखें, बल्कि जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने जोर दिया कि सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प से ही व्यक्ति और राष्ट्र का भाग्य बदला जा सकता है।
समारोह के दौरान बाबा साहेब के जीवन संघर्षों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने बेहद उत्साह के साथ देखा। एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. बसंत अग्रवाल और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पचौरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने शिक्षा को हथियार बनाकर असमानता के खिलाफ जंग जीती और देश को एक ऐसा संविधान दिया जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन मोनिका गौतम ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, पेशकर प्रताप चौधरी, कल्पना शर्मा, स्नेह लता सहित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


























