
हाथरस 14 अप्रैल । जनपद में आज ‘अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह’ का आगाज हो गया। मंगलवार को अग्निशमन केंद्र हाथरस पर आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकुमार वाजपेयी ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शोक परेड का आयोजन कर दो मिनट का मौन रखा गया और शहीदों की याद में पुष्प चक्र अर्पित किए गए। भारत सरकार के निर्देशानुसार, वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह पर भीषण अग्निकांड के दौरान जनता की जान बचाते हुए शहीद हुए 66 दमकल कर्मियों की स्मृति में हर साल 14 अप्रैल को यह दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों को पिन फ्लैग लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
शोक सभा के पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन वाहनों की सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों चामड़ गेट, सादाबाद गेट, आगरा रोड, मधुगढ़ी, अलीगढ़ रोड, इंडस्ट्रियल एरिया और सासनी गेट चौराहा होते हुए गुजरी। प्रभारी अग्निशमन केंद्र के नेतृत्व में टीम ने लाउडस्पीकर और पंपलेट के माध्यम से आमजन को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष सुरक्षा सप्ताह की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज आग की रोकथाम के लिए एक साथ” रखी गई है। 20 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर मॉकड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि भविष्य में अग्निकांडों से होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सके।


























