Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 06 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा कस्बा और देहात क्षेत्रों में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। ‘स्मार्ट’ होने का दावा करने वाले ये मीटर न केवल आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रहे हैं, बल्कि तकनीकी खामियों और सूचना के अभाव में उपभोक्ताओं का मानसिक उत्पीड़न भी कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले साधारण मीटर से 5 से 6 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिल आता था, लेकिन अब प्रीपेड मीटर लगने के बाद यह दर 13 रुपये प्रति यूनिट से भी अधिक पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि देहात क्षेत्रों में भी नगरीय (शहरी) दरों पर वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि मीटर का बैलेंस ‘माइनस’ होते ही बिना किसी पूर्व सूचना के रात में ही बिजली काट दी जाती है। गर्मी और मच्छरों के प्रकोप के बीच उपभोक्ता जब हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल करते हैं, तो वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कंप्यूटर की आवाज सुनने के बाद कॉल खुद-ब-खुद कट जाता है, जिससे उपभोक्ता पूरी रात परेशान रहने को मजबूर हैं।

क्या कहते हैं भुगतभोगी उपभोक्ता?

उपभोक्ता सीमा देवी (नगला अडू) ने बताया कि  पहले बिल निकालने कर्मचारी आता था, अब पता ही नहीं चलता कि बिजली कब और क्यों कट गई। सरकार को महीने के अंत तक बिल जमा करने की मोहलत देनी चाहिए। उपभोक्ता अनवार अली का कहना है कि  स्मार्ट मीटर सिरदर्द बन गया है। डिस्प्ले में लाइट जलती रहती है पर घर में बिजली नहीं आती। बैलेंस खत्म होने पर कम से कम 15-20 दिन का समय मिलना चाहिए। उपभोक्ता शिवचरन कुशवाहा ने बताया कि  गरीबों के पास स्मार्ट फोन नहीं है, वे अपना बैलेंस कहां देखें? रात को बिजली काटना अमानवीय है, इस प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। सुमन देवी ने बताया कि बिना सूचना रात में बिजली काटना पूरी तरह गलत है। बच्चों और महिलाओं को गर्मी में भारी परेशानी होती है। बिजली विभाग को पुरानी व्यवस्था बहाल करनी चाहिए। मधु देवी ने कहा कि दो दिन पहले मेरी बिजली काट दी गई। रात को जनसेवा केंद्र खुलवाकर बिल जमा किया, फिर भी हेल्पलाइन पर किसी ने फोन नहीं उठाया। 5 घंटे बाद शिकायत के बाद बिजली मिल पाई।

वहीं इस मामले में उपखंड अधिकारी (विद्युत उपखंड चतुर्थ) शुभम सिंह का कहना है कि कर्मचारियों द्वारा एनाउंसमेंट कराकर उपभोक्ताओं को सूचित किया जा रहा है। जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है, वे बिजलीघर के काउंटर पर जाकर बिल चेक कर सकते हैं। बिजली कटौती केवल उन्हीं की हो रही है जिन्होंने एक माह से बिल जमा नहीं किया है। उपभोक्ताओं से अपील है कि समय पर बिल जमा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page