
हाथरस 06 अप्रैल । होम्योपैथिक एसोसिएशन ऑफ इण्डिया, जिला इकाई हाथरस द्वारा आगामी 10 अप्रैल 2026 को होम्योपैथी के जनक डॉ. हैनीमैन की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। अलीगढ़ रोड स्थित जैक डोनाल्ड रेस्टोरेंट में आयोजित होने वाले इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिले की सभी तहसीलों के चिकित्सक, होम्योपैथिक फार्मेसी स्टोर संचालक और प्रमुख दवा निर्माता कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव लोचन उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न दवा निर्माता कंपनियां अपनी स्टॉल लगाकर आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का प्रदर्शन करेंगी। परंपरा के अनुसार, इस वर्ष सीनियर होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एच. के. शर्मा (अलीगढ़ रोड) और सीनियर होम्योपैथिक स्टोर के रूप में मेसर्स मोहता होम्योपैथी स्टोर (प्रो. श्रीमती निर्मल मोहता) को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। हैनीमैन सप्ताह के अंतर्गत जन-जागरण और सेवा भाव के साथ कई स्थानों पर निःशुल्क शिविर लगाए जाएंगे। डॉ. राजीव लोचन उपाध्याय के निवास वसुंधरा एन्क्लेव पर तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप आयोजित होगा, जिसमें परामर्श के साथ दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी। इस शिविर में सचिव डॉ. राकेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष डॉ. संदीप गहलौत अपनी सेवाएं देंगे।सेवा सप्ताह के क्रम में मुरसान स्थित माँ सरस्वती हॉस्पिटल में एक दिवसीय कैंप और बोहरे वाली देवी मंदिर के सामने स्थित ‘ग्लोशाइन स्किन केयर सेंटर’ पर तीन दिवसीय निःशुल्क स्किन केयर कैंप लगाया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को होम्योपैथी के प्रति जागरूक करना और उन्हें निशुल्क उपचार प्रदान करना है।























