
हाथरस 06 अप्रैल । शहर के अलीगढ़ रोड स्थित ग्राम रुहेरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कल मंगलवार को भव्य काली मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर ग्रामवासियों और मेला कमेटी में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का शुभारंभ मंगलवार प्रातः 9 बजे से होगा। दोपहर से लेकर देर रात्रि तक चलने वाले इस मेले में बच्चों के लिए आकर्षक झूले, चाट-पकौड़ी की दुकानें और विभिन्न प्रकार के घरेलू सामानों का बाजार सजेगा। मेले का मुख्य आकर्षण दोपहर 2:30 बजे से आयोजित होने वाला विशाल दंगल होगा। इस दंगल में क्षेत्र के पहलवान अपनी कला और शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। कुश्ती प्रेमियों के लिए कमेटी द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष दुष्यंत तोमर, कोषाध्यक्ष राजू शर्मा, सदस्य प्रमोद कुशवाहा, रामदास, उमाशंकर, रईस खान एवं पूर्व प्रधान बलबीर सिंह ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में मेले का आनंद लेने की अपील की है।






















