
हाथरस 05 अप्रैल । एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने एक संयुक्त कार्यवाही में बड़ी सफलता हासिल करते हुए केला व्यापारी से हुई लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में एक शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, जेवरात और अवैध असलहा बरामद किया है।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि केला व्यापारी से लूट करने वाले बदमाश दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त शिवम पुत्र प्रहलाद के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन अन्य साथियों— दीपू, रंजीत कुमार और पवन कुमार उर्फ चुन्ना को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या थी घटना?
विगत 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे, मोहल्ला इस्लामनगर निवासी केला व्यापारी हरिओम अपने प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी छावी मियां के बाग के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और करीब चार लाख रुपये, सोने की अंगूठी, कड़ा व मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1,97,000/- रुपये (लूटी गई नकदी), एक पीली धातु की अंगूठी और एक कड़ा, लूटा हुआ मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। शिवम और पवन कुमार के खिलाफ पूर्व में भी सादाबाद थाने में चोरी व धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। घटना का सफल अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सादाबाद विजय कुमार सिंह और एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार व उनकी टीम शामिल रही। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।






















