
हाथरस 05 अप्रैल । बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा और प्रभात फेरी की तैयारियों को लेकर खंदारी गढ़ी स्थित अंबेडकर पार्क में समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयंती अध्यक्ष की घोषणा में हो रही देरी पर समाज के लोगों ने कड़े शब्दों में नाराजगी जाहिर की। वक्ताओं ने कहा कि जिम्मेदारी संभालने वाले लोगों की शिथिलता के कारण ही पिछली बार विवाद की स्थिति बनी थी। विवादों को विराम देने के लिए चुनाव अधिकारी राजपाल सिंह पुनिया एडवोकेट की देखरेख में अध्यक्ष पद हेतु आवेदन मांगे गए, जिसमें लोकेंद्र कुमार और जयप्रकाश ‘रिंकू’ चौधरी ने दावेदारी पेश की।
गहन विचार-विमर्श और सर्वसमाज की सहमति के बाद लोकेंद्र कुमार को हाथरस शहर की शोभायात्रा का अध्यक्ष घोषित किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सरदार सुरजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर रालोद महासचिव बंटी भैया, भारत समाचार के ब्यूरो चीफ शम्मी गौतम, चौधरी विजेंद्र सिंह, योगेंद्र भैया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति पप्पू प्रकाश, सुनील पत्रकार, संजय सेठ आजाद और अंकुर प्रेमी सहित भारी संख्या में अंबेडकर अनुयायी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर हर्षोल्लास के साथ जयंती मनाने का संकल्प लिया।






















